जौनपुर , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक अंतर्जनपदीय हिस्ट्रीशीटर अपराधी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके एक साथी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने शनिवार को बताया कि जिले में अपराधियों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण में खुटहन थाना पुलिस शुक्रवार रात वाहन चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान सुईथाखुर्द नहर पुलिया के पास मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने आत्मरक्षा में सरकारी पिस्टल से एक राउंड फायर किया, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई।
घायल की पहचान रिंकू यादव उर्फ ओमप्रकाश यादव (35) , निवासी ग्राम भेला, थाना सरपतहाँ, जनपद जौनपुर के रूप में हुई। वह थाना सरपतहाँ का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। उसका साथी सत्यम लोना उर्फ लल्लू (23) , निवासी ग्राम शाहपुर फिरोजपुर, थाना जलालपुर, जनपद अंबेडकर नगर को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खुटहन भेज दिया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर ओमप्रकाश यादव के विरुद्ध विभिन्न थानों में हत्या, लूट, गैंगस्टर तथा अन्य गंभीर धाराओं से संबंधित 37 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित