जौनपुर , अगस्त 09 -- उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए जौनपुर पुलिस ने रविवार को बड़े स्तर पर विशेष गिरफ्तारी का अभियान चलाकर 70 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सभी 28 थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आज कुल 70 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों में 62 वारंटी, सात वांछित तथा एक इनामी वांछित अभियुक्त शामिल है। अभियान के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट (एन बी डब्ल्यू) और अन्य मामलों में वांछित आरोपियों की धरपकड़ की।
उन्होंने बताया कि सबसे अधिक गिरफ्तारियां खुटहन और तेजीबाजार में छह-छह, जबकि शाहगंज में चार वांछित समेत पांच, मड़ियाहूं और रामपुर में चार-चार तथा कई अन्य थाना क्षेत्रों में भी वारंटी और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वारंटी और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित