जौनपुर , मार्च 21 -- अंतरराष्ट्रीय वन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित "वन एवं अर्थव्यवस्थाएं" विषयक राष्ट्रीय वानिकी संवाद का उद्घाटन करते हुए कहा कि वन जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के अधिकांश जनपदों में कम से कम एक नदी के पुनरुद्धार का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया है, जो सरकार की पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसी क्रम में जौनपुर जिले में पीली नदी का पुनरुद्धार एक उल्लेखनीय उपलब्धि के रूप में सामने आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीली नदी के जीर्णोद्धार से न केवल नदी का प्राकृतिक स्वरूप पुनर्स्थापित हुआ है, बल्कि क्षेत्र के पर्यावरणीय संतुलन को भी मजबूती मिली है। इस पहल से जल स्तर में सुधार, हरित क्षेत्र में वृद्धि और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ पर्यावरण उपलब्ध कराने में सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से यह कार्य संभव हो सका है, जो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जल संरक्षण की दिशा में एक अनुकरणीय उदाहरण बन गया है। यह पहल अन्य जनपदों के लिए भी प्रेरणास्रोत के रूप में उभर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित