जौनपुर , मई 14 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने गुरुवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुफ्तीगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. पटेल अनुपस्थित मिले, जिस पर जिलाधिकारी ने उनका वेतन अगले आदेश तक रोकने के निर्देश दिए। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी की अनुपस्थिति के संबंध में जानकारी ली। इस पर मेडिकल ऑफिसर डॉ. कमलेश कुमार ने बताया कि डॉ. एस.के. पटेल जनपद मुख्यालय में आयोजित बैठक में गए हैं। हालांकि, मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जानकारी लेने पर पता चला कि ऐसी कोई बैठक आयोजित ही नहीं हुई थी। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए डॉ. कमलेश कुमार से गलत सूचना देने पर स्पष्टीकरण तलब किया। साथ ही प्रभारी चिकित्सा अधिकारी का वेतन अगले आदेश तक बाधित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों को समय से भोजन उपलब्ध कराने तथा बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने टीबी मरीजों से बातचीत कर दवा वितरण और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित