जौनपुर , अगस्त 30 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से प्रकाशित हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र शांति संसार के संपादक रविंद्र नाथ श्रीवास्तव का कल शनिवार की देर रात हृदयगत रुक जाने से निधन हो गया। वे लगभग 73 वर्ष के थे।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार संपादक मंडल उत्तर प्रदेश की जनपद इकाई ने रविवार को कैम्प कार्यालय पर शोकसभा किया जहां शान्ति संसार के सम्पादक रविन्द्र नाथ श्रीवास्तव के निधन पर शोक जताया गया। अध्यक्ष राकेशकान्त पाण्डेय की अध्यक्षता में हुई शोकसभा में उपस्थित सम्पादकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवगंत आत्मा की शान्ति के लिये ईश्वर से प्रार्थना किया। साथ ही कहा कि दुख की इस घड़ी में परिजनों को भगवान शक्ति दें। सभी लोगों ने एक स्वर में कहा कि यह अत्यन्त दुःखद एवं हृदयविदारक है। श्री श्रीवास्तव के निधन से पत्रकारिता जगत सहित हम सभी के लिये अपूरणीय क्षति है। शोकसभा का संचालन महासचिव डा नौशाद अली ने किया। शोकसभा में सम्पादक मण्डल के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।

इसी क्रम में गोमती पत्रकार संघ ने शोकसभा करके श्री श्रीवास्तव के निधन पर शोक जताया। साथ ही कहा कि उनका चला जाना जौनपुर पत्रकारिता के लिये बहुत बड़ी क्षति है। शोकसभा में तमाम पत्रकार, छायाकार आदि उपस्थित रहे। इसके अलावा तमाम पत्रकारा संगठनों ने जगह-जगह शोकसभा करके श्री श्रीवास्तव के निधन पर शोक जताया। उनका अन्तिम संस्कार रविवार को ही नगर के राम घाट पर हुआ जहां मुखाग्नि उनके एकमात्र पुत्र शिवम श्रीवास्तव ने दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित