जौनपुर , जून 14 -- उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के बरेला ताल से रविवार को एक नाले में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।

सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पहुंची सी ओ प्रतिमा वर्मा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। जिले से आई फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलन किया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आज सुबह 11बजे मरी माई मंदिर के पास से गुजरे नाले में एक मजदूर शौच के लिए गया तो वहा पर एक 35 वर्षीय युवक के शव को देखा। वापस लौट कर उसने चकमुबारकपुर के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

मृतक के गले पर सूजन थी और चेहरा पत्थर से वार कर कुचल दिया गया था। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। आस पास के ग्रामीणों की मदद से शव की शिनाख्त की प्रयास किया गया किंतु मृतक स्थानीय व्यक्ति नहीं प्रतीत हो रहा है।

सी ओ प्रतिमा वर्मा का कहना है कि ग्राम प्रधान कैलाश नाथ बिंद की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति की हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित