जौनपुर , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में तैनात एक नायब तहसीलदार के खिलाफ दुष्कर्म, आत्महत्या के लिए उकसाने तथा अन्य गंभीर आरोपों में मीरगंज थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई मृतका की मां की तहरीर के आधार पर की गई है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री श्वेता सिंह का विवाह वर्ष 2014 में बरसठी थाना क्षेत्र के एक गांव में हुआ था और उसकी नौ वर्षीय पुत्री भी है। तहरीर के मुताबिक, सुल्तानपुर जनपद के अमहट कोतवाली क्षेत्र के गोरा बारीक गांव निवासी एवं वर्तमान में नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव का उनके घर आना-जाना था।

आरोप है कि मछलीशहर तहसील में तैनाती के दौरान विवेक श्रीवास्तव ने शादी का झांसा देकर श्वेता से शारीरिक संबंध बनाए। परिजनों का कहना है कि इसके बाद श्वेता के अपने पति से संबंध बिगड़ गए और वह विवेक श्रीवास्तव के साथ रहने लगी।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि श्वेता मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान रहती थी। परिजनों के अनुसार, आरोपी उस पर दबाव बनाता था, घुमाने के बहाने उसके अश्लील वीडियो बनाता था तथा अन्य अधिकारियों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए भी दबाव डालता था।

परिजनों का आरोप है कि लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर श्वेता सिंह ने 9 मार्च 2026 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मीरगंज थाना पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत के आधार पर नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव के विरुद्ध दुष्कर्म, आत्महत्या के लिए उकसाने तथा अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल आरोप प्राथमिकी के आधार पर दर्ज किए गए हैं, जिनकी सत्यता की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित