जौनपुर , मई 02 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में चर्चित दूल्हा हत्याकांड के मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए तीनों अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने शनिवार को बताया कि खेतासराय थाना क्षेत्र के बादशाही बाजार के पास शुक्रवार देर रात बारात लेकर जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। जांच के दौरान सामने आया कि आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के चिकसांवां निवासी प्रदीप बिंद इस शादी से नाराज था और उसने दूल्हे को कई बार धमकी दी थी कि वह इस विवाह से पीछे हट जाए, अन्यथा अंजाम भुगतना पड़ेगा। इसके बावजूद आजाद बिंद एक मई को बारात लेकर जा रहा था, तभी प्रदीप बिंद ने अपने साथियों रवि यादव (निवासी सोंधी, थाना खेतासराय, जौनपुर) और भोले राजभर (निवासी जपटापुर, थाना सरायख्वाजा, जौनपुर) के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
एसएसपी ने बताया कि तीनों नामजद आरोपियों प्रदीप बिंद पुत्र सोमरू बिंद, रवि यादव पुत्र कमलेश यादव तथा भोले राजभर पुत्र जियालाल की गिरफ्तारी के लिए प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि इन आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित