जौनपुर , मई 04 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में दूल्हे की हत्या के मामले में पुलिस ने एक सशस्त्र मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जिनमें तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी है। इस मामले में तीन मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम द्वारा बीती देर रात चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से अमितेश, विकास यादव और कुशल के पैरों में गोली लग गई, जबकि चौथा आरोपी आयुष बिना घायल हुए पकड़ा गया। घायल बदमाशों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार और बाइक भी बरामद की है।
उन्होने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एक मई को हुए दूल्हा हत्याकांड में शामिल थे। घटना के अनुसार, बारात के लिए निकले दूल्हे आजाद बिंद को अपाची बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने रास्ते में रोककर ताबड़तोड़ चार गोलियां मार दी थीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस इस मुठभेड़ को बड़ी कामयाबी मान रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित