जौनपुर , अप्रैल 09 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बरसठी थाना क्षेत्र के दीनापुर गांव में गुरुवार को गेहूं की मड़ाई के दौरान थ्रेशर मशीन की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान मुलायम बनवासी (35) निवासी भदोही के रूप में हुई है। वह पिछले करीब चार वर्षों से अपने ससुराल भदरांव गांव में पत्नी और एक पुत्र के साथ रह रहा था तथा मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
उन्होने बताया कि आज वह अपने ससुर, साले और अन्य लोगों के साथ दीनापुर गांव में गेहूं की मड़ाई कर रहा था। इसी दौरान वह प्लास्टिक की तिरपाल में गेहूं की बालियां भरकर थ्रेशर में डाल रहा था कि अचानक संतुलन बिगड़ने से वह मशीन के अंदर खिंचता चला गया। जब तक आसपास मौजूद लोग मशीन बंद करते, तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-थ्रेशर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित