जौनपुर , अगस्त 10 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बरसठी थाना क्षेत्र में सोमवार को ड्यूटी के दौरान एक वनरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव बनकट कछोटा के पास सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में मिला।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान वनरक्षक रवि यादव (34) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रवि यादव सोमवार को बाइक से अपने क्षेत्र में भ्रमण और ड्यूटी के लिए निकले थे। इसी दौरान वह बनकट कछोटा के पास सड़क किनारे गंभीर हालत में मिले। उनके शरीर पर चोट के निशान और खून लगा हुआ था। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

प्रथम दृष्टया पुलिस घटना को सड़क हादसे से जोड़कर देख रही है, हालांकि वनरक्षक की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। शरीर पर चोट और खून के निशान मिलने से घटना को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं। पुलिस हादसे के अलावा अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित