जौनपुर , जून 29 -- उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में केराकत कोतवाली क्षेत्र के परमानंदपुर गांव में सोमवार को पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने डेयरी पर दूध देने गए दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमलावरों ने पहले दोनों भाइयों को लाठी-डंडों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, फिर घायल होने पर गोलीबारी की। इस घटना में एक भाई के हाथ में तीन गोलियां लगी हैं, जबकि दूसरे के सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भेज दिया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिले में केराकत कोतवाली क्षेत्र के सिझवारा गांव निवासी बुद्धिराम और उनके भाई सुधीराम सोमवार सुबह डेयरी पर दूध देने परमानंदपुर पहुंचे थे। इस दौरान पहले से घात लगाए नौ से 10 हमलावरों ने दोनों को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए दोनों भाई भागे, लेकिन हमलावरों ने करीब 400 मीटर तक पीछा कर उनकी पिटाई की। बुद्धिराम के गिरने के बाद आरोपियों ने उन पर गोलियां चलायीं। इस घटना में बुद्धिराम के दाहिने हाथ में तीन गोलियां लग गईं। वहीं सुधीराम के सिर में गंभीर चोट आई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर फरार हो गए। परिजन दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दो दिन पहले बुद्धिराम के पुत्र विकास राजभर के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की थी और पुलिस से शिकायत के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका यह भी आरोप है कि मुख्य आरोपी स्थानीय थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी अजय कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इस सिलसिले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अधिकारियों का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित