जौनपुर , अगस्त 11 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने मंगलवार को बदलापुर तहसील और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर फार्मासिस्ट को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए, जबकि बिना सूचना बंद मिले एक अल्ट्रासाउंड सेंटर की दोबारा जांच कराने को कहा गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जिलाधिकारी ने सीएचसी में मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, दवा वितरण, चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति, साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। फार्मेसी के निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट द्वारा दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं किए जाने की जानकारी सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित फार्मासिस्ट के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए स्पष्टीकरण और शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों को आवश्यक दवाएं समय से उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। दवा वितरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद जिलाधिकारी ने सीएचसी के बाहर संचालित मेडिकल स्टोरों का भी निरीक्षण किया। जांच में कुछ संचालकों द्वारा लाइसेंस नवीनीकरण के लिए आवेदन किए जाने के बावजूद आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं किए जाने की बात सामने आई। इस पर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने और नियमानुसार आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
औचक निरीक्षण के दौरान सीएचसी के बाहर संचालित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद मिला। जिलाधिकारी के पहुंचने की जानकारी मिलने पर सेंटर का तकनीशियन शटर बंद कर मौके से चला गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित सेंटर की दोबारा जांच कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित विभिन्न शिकायतें भी जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आमजन को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। चिकित्सकों और कर्मचारियों की समय से उपस्थिति, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा जांच और उपचार की सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को तत्काल दूर कर अनुपालन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने बदलापुर तहसील परिसर और कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुराने और लंबित वादों की समीक्षा करते हुए नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर उनका शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिवक्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अधिवक्ताओं की समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों और सरकारी कार्यालयों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित