जौनपुर , अगस्त 24 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में भंडारी रेलवे स्टेशन के आउटर सिग्नल के पास सोमवार सुबह ट्रेन के सामने कूदकर एक अधेड़ ने आत्महत्या कर ली। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान आधार कार्ड के जरिए राजेश कुमार (47) के रूप में हुई है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सोमवार सुबह करीब आठ बजे प्लेटफॉर्म नंबर एक से लखनऊ की ओर जाने वाली सवारी ट्रेन स्टेशन से रवाना होकर आउटर सिग्नल के पास पहुंची थी। इसी दौरान रेल पटरी के किनारे खड़े अधेड़ ने अचानक ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर भंडारी जंक्शन जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर तलाशी ली। मृतक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान राजेश कुमार के रूप में हुई। आधार कार्ड पर उसका पता ग्राम नरगिस, थाना बतिया, सूरत, गुजरात दर्ज था।

जीआरपी के अनुसार, मृतक के मोबाइल फोन से मिली जानकारी के आधार पर पता चला कि राजेश कुमार मूल रूप से पड़ोसी जिले अंबेडकरनगर का रहने वाला था और काफी समय से सूरत में रह रहा था। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। परिजन अंबेडकरनगर से जौनपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके पहुंचने के बाद पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजेगी। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित