जौनपुर , नवम्बर 10 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को ट्रक और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के युवा अधिवक्ता अंकित तिवारी (29) की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले में सुजानगंज थाना क्षेत्र के शेषपुर गांव निवासी अंकित तिवारी इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत थे। बताया गया कि बीती देर रात वह प्रयागराज से कार द्वारा अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मुंगरा बादशाहपुर और सुजानगंज के बीच उनकी कार की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकित कार के अंदर बुरी तरह फंस गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कार को तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
अंकित तिवारी की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, एक होनहार अधिवक्ता के निधन से गांव और क्षेत्र के लोगों में गहरा शोक व्याप्त है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित