जौनपुर , अगस्त 31 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह ने सोमवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कारागार की विभिन्न बैरकों, अस्पताल, पाकशाला तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार अस्पताल में भर्ती बंदियों से उनके स्वास्थ्य एवं उपचार के संबंध में जानकारी ली तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों और कारागार प्रशासन को बंदियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने पाकशाला का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने तथा बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने जेल अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी एवं संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित