जौनपुर , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शाहगंज और खेतासराय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को तीन सदस्यीय अंतर्जनपदीय जहरखुरानी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत संयुक्त पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान चिरैया मोड़ बिलार मऊ रोड से तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि अभियुक्त आकाश के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं अभियुक्त हनुमान के पास से 198 ग्राम नशीला पाउडर तथा एक डिब्बी में नशीली टिकिया बरामद की गई।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक आल्टो कार तथा जहरखुरानी से प्राप्त धनराशि से खरीदी गई एक स्विफ्ट कार भी बरामद की है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ट्रेन और बसों से उतरने वाले यात्रियों अथवा रास्ते में वाहन का इंतजार कर रहे लोगों को गाड़ी में बैठा लेते थे। इसके बाद खाने-पीने की वस्तुओं में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें बेहोश कर देते थे और उनका सामान लूटकर रास्ते में उतार देते थे।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान एक आरोपी मौके का लाभ उठाकर फरार हो गया। गिरोह के सदस्य जौनपुर के अलावा अन्य जनपदों में भी वारदातों को अंजाम देते थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित