जौनपुर , अक्टूबर 02 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले की जफराबाद विधानसभा क्षेत्र में गोसाईपुर-सेवईनाला-गौराबादशाहपुर आरा मार्ग से 10.400 किलोमीटर तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए शासन ने 18 करोड़ 75 लाख आठ हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मार्ग के चौड़ीकरण के साथ बाजार गांव के मध्य नाली का भी निर्माण कराया जाएगा।
स्थानीय विधायक जगदीश नारायण राय ने शुक्रवार को कहा कि लोक निर्माण विभाग की ओर से 30 सितंबर को जारी शासनादेश में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रमुख एवं अन्य जिला मार्गों के उन्नयन से संबंधित 11 कार्यों को मंजूरी दी गई है। इनमें जौनपुर का यह मार्ग भी शामिल है। शासनादेश में परियोजना की कुल लागत 1875.08 लाख रुपये निर्धारित की गई है। चालू वित्तीय वर्ष में इसके लिए 937.54 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
उन्होने कहा कि क्षेत्र में मजबूत सड़क नेटवर्क उनकी प्राथमिकता है। गांवों को बाजारों और प्रमुख मार्गों से बेहतर तरीके से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गोसाईपुर से सेवईनाला होते हुए गौराबादशाहपुर तक का मार्ग क्षेत्र के आवागमन के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित