जौनपुर , अक्टूबर 21 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर में मां की जयघोष के साथ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के साथ नव दिवसीय शारदीय नवरात्रि का समापन हो गया।

श्री दुर्गा पूजा महासमिति के तत्वावधान में शारदीय नवरात्रि के पूरे नौ दिन मां दुर्गा के पूजन-अर्चन के पश्चात मंगलवार की देर रात जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ यशवीर सिंह ने अहियापुर तिराहे पर नारियल फोड़कर शोभायात्रा को रवाना किया। उसके बाद शहरी क्षेत्र के 157 मां दुर्गा समितियों ने बहुत ही उल्लास एवं शांतिपूर्वक से मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन आदि गंगा गोमती के पावन तट पर बनाये गये शक्ति कुण्ड में पूरी श्रद्धा एवं आस्था के साथ आज बुधवार को दिन में साढे नौ बजे तक किया गया। इस दौरान माता रानी के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा।

महासमिति के समस्त प्रबंधकारिणी के सदस्य हर चौराहे व मोड़ पर पूजन समितियों को प्रतिमा विसर्जन का मार्ग बताते रहे। जिला प्रशासन एवं पुलिस सुरक्षा के जवान हर मोड़ पर शांति व्यवस्था कायम रखने में लग रहे। अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चंद्रशेखर, नगर मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी एवं नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अनिता सिंह सहित तमाम लोग शक्ति कुण्ड में जल की व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में अथक प्रयास किये।

महासमिति के अध्यक्ष मनीष देव 'मंगल' और महासचिव मनीष गुप्ता ने मां की प्रतिमा के अनुष्ठान के पश्चात विजयादशमी के दिन मां की समस्त प्रतिमाओं के विसर्जन यात्रा को सकुशल संपन्न कराने हेतु जिला व पुलिस प्रशासन सहित नगर पालिका, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग आदि के प्रति आभार जताया। पूरे जिले में लगी लगभग 2250 से अधिक माँ दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन पूरे श्रद्धा और विश्वास के साथ किया गया।

मेले का संचालन ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से समाजसेवी राजदेव यादव ने किया। विसर्जन यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने में संरक्षक मण्डल के सदस्य इंद्रभान सिंह, विनोद जायसवाल, श्रीकान्त महेश्वरी, विंध्याचल सिंह एडवोकेट, संतोष सिंह, निखिलेश सिंह, विशेष सदस्य राधेकृष्ण ओझा, मोती लाल यादव, शशांक सिंह रानू, अतुल प्रताप सिंह, नीरज सिंह, प्रबंधकारिणी के सदस्यगण, शनि जायसवाल सहित तमाम लोगों का सहयोग रहा। अन्त में महासचिव मनीष गुप्ता ने जिला प्रशासन सहित समस्त पूजन समितियों को धन्यवाद ज्ञापित किया ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित