जौनपुर , जुलाई 22 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसी संक्रामक बीमारी से बचाने के लिए बुधवार को 45 दिवसीय निःशुल्क टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का शुभारंभ प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर शुरुआत की। यह अभियान 22 जुलाई से 8 सितंबर तक संचालित होगा।

श्री यादव ने कहा कि सरकार पशुओं को किसानों और पशुपालकों की अमूल्य संपत्ति मानती है। जिले में इस चरण के दौरान लगभग 6 लाख पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है, जिससे पशुधन को खुरपका-मुंहपका जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके और पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने बताया कि एफएमडी एक अत्यंत संक्रामक विषाणुजनित रोग है, जिससे पशुओं में बुखार, मुँह और खुर में छाले, दूध उत्पादन में कमी तथा लंगड़ापन जैसी समस्याएं होती हैं। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं।

प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि अभियान के लिए जनपद को 5,70,550 डोज वैक्सीन उपलब्ध कराई गई हैं। 43 टीकाकरण टीमें 21 विकास खंडों की 1,740 ग्राम पंचायतों में पहुंचकर लगभग 2 लाख पशुपालकों के पशुओं का टीकाकरण करेंगी। सभी पशु चिकित्सालयों पर वैक्सीन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कोल्ड-चेन की समुचित व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित