जौनपुर , जनवरी 23 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर में अवैध रूप से कोडीन कफ सिरप की खरीद-बिक्री के मामले में शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अपर जिला जज प्रथम ने आठ आरोपियों की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस मामले में आरोपी अरुण प्रकाश मौर्या, देवेश निगम, अनुप्रिया सिंह, सौरभ गुप्ता, मोहम्मद सलमान अंसारी, ओमप्रकाश मौर्या एवं संजीव चौरसिया ने अपर जिला जज प्रथम जौनपुर के न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए प्रार्थना पत्र दाखिल किया था।

मामले की सुनवाई के दौरान ड्रग विभाग की ओर से अधिवक्ता सुभाष चंद्र त्रिपाठी ने अदालत में अपना पक्ष मजबूती से रखा। दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनने के बाद जिला जज ने सभी आरोपियों की अग्रिम जमानत अर्जी को निरस्त कर दिया। अदालत के इस फैसले के बाद आरोपियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रशासनिक व विभागीय स्तर पर मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित