जौनपुर , जून 6 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह कोचिंग के लिए जा रही एक हाईस्कूल छात्रा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मृतका की पहचान महाराजगंज थाना क्षेत्र के उमरीकला गांव निवासी रामप्रसाद गौतम की 17 वर्षीय पुत्री रौनक गौतम के रूप में हुई है। रौनक अपने ननिहाल दक्षिणपट्टी गांव में रहकर पढ़ाई कर रही थी। बताया गया कि शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे वह अपने ननिहाल से धनियामऊ स्थित कोचिंग संस्थान जा रही थी। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर श्रीनारायण सिन्हा इंटर कॉलेज, सरायहरखू के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए। घायल छात्रा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेड़वा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद रौनक को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की पहचान तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित