जौनपुर , जुलाई 22 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में खेतों की सुरक्षा के लिए लगाए जा रहे अवैध करंटयुक्त 'झटका मशीनों' के कारण हो रही दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने किसानों को तत्काल इन्हें हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि आदेश की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने बुधवार को बताया कि खेतों की रखवाली के लिए लगाए जाने वाले करंट प्रवाहित तारों और झटका मशीनों की चपेट में आकर छुट्टा पशु, पक्षी और कई बार राहगीर भी हादसों का शिकार हो रहे हैं। इस संबंध में लगातार शिकायतें मिलने के बाद जिला प्रशासन ने अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

उन्होंने बताया कि राजस्व, विद्युत, कृषि एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई है, जो गांव-गांव जाकर खेतों का निरीक्षण करेगी। जहां भी अवैध झटका मशीन या करंटयुक्त तार पाए जाएंगे, उन्हें तत्काल हटवाया जाएगा और संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि फसलों की सुरक्षा के लिए ऐसे खतरनाक और अवैध उपायों का प्रयोग न करें। उन्होंने कहा कि करंटयुक्त तार किसी भी व्यक्ति या पशु के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। किसानों से सुरक्षित और वैधानिक तरीकों से फसलों की सुरक्षा करने तथा जनहित में स्वेच्छा से झटका मशीन हटाने का आग्रह किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित