जौनपुर , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में केराकत कोतवाली क्षेत्र के थानागद्दी गांव में गुरुवार को पिता की डांट से क्षुब्ध होकर 17 वर्षीय किशोर ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे किशोर को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार थानागद्दी गांव निवासी विजय बहादुर विश्वकर्मा का सबसे छोटा बेटा कल्लू विश्वकर्मा (17) गलत संगत के कारण छोटी-मोटी चोरियां करने लगा था। गुरुवार को किसी बात को लेकर पिता ने उसे डांट दिया, जिससे नाराज होकर वह घर से निकल गया। बताया गया कि किशोर बाजार स्थित एक पेट्रोल पंप से बोतल में पेट्रोल लेकर घर से करीब एक किलोमीटर दूर सब्बल ब्रह्म बाबा मंदिर के पास पहुंचा और खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। आग की लपटों में घिरे किशोर की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थानागद्दी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से झुलसे किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मंडलीय अस्पताल वाराणसी रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण कन्नौजिया ने बताया कि किशोर करीब 20 से 25 प्रतिशत तक झुलसा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। कल्लू अपने छह भाइयों में सबसे छोटा है। उसके पिता विजय बहादुर विश्वकर्मा प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित