जौनपुर , अक्टूबर 21 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर के जिलाधिकारी कार्यालय के सामने बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने अपने मासूम बच्चों के साथ कथित तौर पर आत्मदाह का प्रयास किया। महिला ने खुद और बच्चों पर डीजल उड़ेल लिया, हालांकि, आग लगाने से पहले ही मौके पर मौजूद वकीलों और एल आई यू के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए उसके हाथ से डिब्बा छीन लिया, समय रहते हस्तक्षेप होने से महिला और उसके बच्चों की जान बच गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले में बक्सा थाना क्षेत्र के सडेरी गांव की निवासी महिला का पड़ोसियों से हैंडपंप लगाने को लेकर विवाद चल रहा है। उसका आरोप है कि पड़ोसी उसे घर के पास हैंडपंप लगाने और निर्माण कार्य कराने से रोक रहे हैं। इसी विवाद को लेकर वह अपनी फरियाद लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची थी। महिला का आरोप है कि समस्या का समाधान नहीं होने से परेशान होकर उसने कलेक्ट्रेट के सामने यह कदम उठाने की कोशिश की।

घटना के दौरान अचानक मची अफरा-तफरी के बीच वकीलों और एएलयू के सदस्यों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और डीजल का डिब्बा छीनकर महिला को आग लगाने से रोक दिया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। महिला ने इस मामले में अशोक यादव, धनंजय यादव समेत कुछ अज्ञात लोगों पर आरोप लगाए हैं। इस मामले की पुलिस जांच कर रही है जांच के पाश्चात्य स्पष्ट होगा कि सही मामला क्या है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित