जौनपुर , जुलाई 19 -- उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में चार दिनों तक भक्ति और उल्लास के माहौल में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का रविवार को पारंपरिक विधि-विधान और विशाल कढ़ी-भात भंडारे के साथ भव्य समापन हो गया।
समापन दिवस पर आज सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भ्राता बलभद्र एवं बहन देवी सुभद्रा के दर्शन-पूजन के लिए मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी। देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आचार्य डॉ. रजनीकांत द्विवेदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं देवी सुभद्रा का षोडशोपचार पूजन संपन्न कराया। इस अवसर पर हरदेव सिंह, नीलम सिंह, रोहन सिंह एवं तुषित गुप्ता मुख्य यजमान रहे। आरती एवं पूजन के उपरांत भगवान को कढ़ी-भात, मौसमी सब्जी, मालपुआ और शाही खीर का विशेष महाभोग अर्पित किया गया। महाआरती के बाद मुख्य अर्चक पंडित दिनेश चंद्र द्विवेदी ने विशाल कढ़ी-भात भंडारे का शुभारंभ कराया। इसके बाद हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर पूरे दिन "जय जगन्नाथ" के जयघोष से गुंजायमान रहा।
रथयात्रा समिति के अध्यक्ष शशांक सिंह रानू, महामंत्री शिवशंकर साहू सहित समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण की व्यवस्था संभाली।
समापन समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश चंद्र यादव, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह, श्याम मोहन अग्रवाल, डॉ. एम.एम. वर्मा, सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में श्री जगन्नाथ मंदिर के ट्रस्टी सीए संजय गुप्ता ने रथयात्रा महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। विशाल प्रसाद वितरण के साथ ही चार दिवसीय श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में समापन हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित