जौनपुर , जनवरी 31 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में सिकरारा थाना पुलिस और एसटीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए 435 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य फरार हो गए।

पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक सिकरारा उदय प्रताप सिंह और एसटीएफ टीम ने मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान आयुष्मान आरोग्य उपकेंद्र सिकरारा के पास एक डीसीएम वाहन को रोका। तलाशी में राजधानी व्हिस्की (750 एमएल) की कुल 435 पेटी, जिसमें 5220 बोतलें और लगभग 3915 लीटर अवैध शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पंकज पाल उर्फ टिटू पुत्र चंद्रपाल निवासी दीनदयाल नगर, थाना सिविल लाइन, जनपद मुरादाबाद तथा प्रिंस श्रीवास्तव उर्फ सिंटू पुत्र स्व. रमेशंद्र श्रीवास्तव निवासी नई बस्ती हुकुलगंज, थाना लालपुर पांडेयपुर, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कार्रवाई के दौरान दो तस्कर मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। बरामद शराब और वाहन को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित