जौनपुर , जनवरी 27 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के मछलीशहर नगर क्षेत्र में सोमवार की रात इंडक्शन चूल्हे पर खाना बनाते समय करंट की चपेट में आने से कक्षा नौ की छात्रा की मौत हो गई।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मछलीशहर नगर के फौजदार इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा खुशबू पटेल (15) निवासी अहमदपुर सोमवार की रात अपने घर पर इंडक्शन चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक चूल्हे में करंट आ गया और वह उसकी चपेट में आ गई। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, तब तक खुशबू की हालत गंभीर हो चुकी थी। आनन-फानन में उपचार का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मंगलवार को विद्यालय परिवार ने दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा और ईश्वर से उसकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की। शोकसभा के उपरांत विद्यालय को बंद कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित