जौनपुर , मई 25 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर शहर स्थित दीवानी तिराहे पर स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद सोमवार को तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रतिमा पर खाकी टोपी पहनाने और गले में भगवा गमछा डालने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी नगर तथा भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने तत्काल प्रतिमा से खाकी टोपी और भगवा गमछा हटवाया तथा लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद काफी देर तक इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की सक्रियता से स्थिति बिगड़ने नहीं पाई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की गई हो। इससे पहले भी अराजक तत्वों द्वारा प्रतिमा पर कालिख पोतने की घटना सामने आ चुकी है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी फैली थी। उस समय तत्कालीन जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने मौके पर पहुंचकर स्वयं प्रतिमा की सफाई कराई थी।
क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) ने बताया कि तिराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज के आधार पर उसकी पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित