जौनपुर , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र में जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही के नेतृत्व में गुरुवार दोपहर कल्याणपुर बाजार में छापेमारी कर 60 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। यह कार्रवाई अचानक होने के कारण बाजार में हड़कंप मच गया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, जिला पूर्ति अधिकारी को शिकायत मिली थी कि बाजार में सिलेंडरों को अवैध रूप से जमा कर बिक्री की जा रही है। शिकायत मिलने पर अधिकारी अपनी टीम के साथ कल्याणपुर स्थित एक गोदाम पहुंचे और जांच की। जांच में 60 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जो विभिन्न गैस कंपनियों के बताए गए हैं।

सभी सिलेंडरों को जब्त और सीज कर सुरक्षित भिजवा दिया गया। छापेमारी के दौरान बाजार में अफरा-तफरी का माहौल था। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित गोदाम संचालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित