जौनपुर , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले की लाइन बाजार थाना पुलिस ने फर्जी मल्टी लेवल मार्केटिंग (एमएलएम) और पिरामिड चेन नेटवर्क के माध्यम से बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सरगना समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरोह के चंगुल से करीब 30 युवक-युवतियों को सुरक्षित मुक्त कराया है।

सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने बुधवार को बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत लाइन बाजार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह का भंडाफोड़ किया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन, एक महिंद्रा थार, एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक पल्सर मोटरसाइकिल, नकदी तथा कंपनी से संबंधित कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी "एमएस अर्थ इंटरप्राइजेज" के नाम से फर्जी कंपनी संचालित कर एक मल्टी लेवल मार्केटिंग कंपनी की फ्रेंचाइजी के माध्यम से बेरोजगार युवाओं को प्रतिमाह 25 हजार रुपये वेतन वाली नौकरी का लालच देकर वाराणसी बुलाते थे। वहां कॉरपोरेट कार्यालय जैसा माहौल तैयार कर इंटरव्यू लिया जाता था और पंजीकरण के नाम पर प्रत्येक अभ्यर्थी से 30 से 35 हजार रुपये वसूल लिए जाते थे। इसके बाद उन्हें मामूली सामान की किट देकर तथाकथित प्रशिक्षण केंद्र भेज दिया जाता था।

श्री गुप्ता ने बताया कि जांच में सामने आया कि प्रशिक्षण के दौरान युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें अपने रिश्तेदारों और परिचितों को भी इस नेटवर्क से जोड़ने के लिए प्रेरित और दबाव डाला जाता था। प्रत्येक सदस्य को तीन नए लोगों को जोड़ने का लक्ष्य दिया जाता था। लक्ष्य पूरा नहीं होने पर वेतन और जमा धनराशि वापस नहीं करने की धमकी दी जाती थी।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मुख्य आरोपी राहुल राजभर के बैंक खाते में करीब 34 करोड़ रुपये के लेन-देन का पता चला है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल राजभर, संतोष कुमार पटेल, हवलदार पाल, प्रदीप पाल, चंदन दोहरे, रितेश राजभर और अरविंद राजभर के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है तथा आर्थिक लेन-देन और नेटवर्क के विस्तार की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित