जौनपुर , अगस्त 05 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने बुधवार को बताया कि जिले में सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए यातायात पुलिस को अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन उपलब्ध कराया गया है।

उत्तर प्रदेश सड़क सुरक्षा कोष एवं आधुनिकीकरण योजना के तहत प्राप्त इस वाहन को पुलिस लाइन से अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह तथा सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि यह आधुनिक इंटरसेप्टर वाहन जनपद के सात चिन्हित क्रिटिकल कॉरिडोर और 14 क्रिटिकल थाना क्षेत्रों में नियमित रूप से संचालित किया जाएगा। इन कॉरिडोर में छह राष्ट्रीय राजमार्ग और एक राज्य मार्ग शामिल हैं, जिनकी कुल लंबाई लगभग 359 किलोमीटर है।

उन्होंने कहा कि वाहन में अत्याधुनिक स्पीड रडार प्रणाली लगी है, जिसके माध्यम से ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों की स्वचालित निगरानी कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं एवं जनहानि में कमी लाना, सड़क सुरक्षा को मजबूत करना तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित