जौनपुर , मई 31 -- उत्तरप्रदेश में जौनपुर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. गोरखनाथ पटेल का तबादला प्रदेश शासन में शनिवार की देर रात सीतापुर जनपद के लिए कर दिया गया है। अपने चार साल 10 माह के कार्यकाल में उन्होंने जिले में शिक्षा व्यवस्था को नई पहचान दी है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जुलाई 2021 में जौनपुर में पदभार ग्रहण करने वाले डॉ. पटेल ने लगभग चार वर्ष 10 माह के अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षा विभाग में कई ऐसे कदम उठाए, जिनका सकारात्मक प्रभाव आज भी विद्यालयों और शिक्षकों के बीच देखा जा सकता है। उनके स्थानांतरण की सूचना सामने आने के बाद शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों, शिक्षकों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों में मिश्रित भावनाएं देखने को मिल रही हैं। कई शिक्षकों ने उनके कार्यकाल को जौनपुर की बेसिक शिक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण दौर बताया है।

डॉ.गोरखनाथ पटेल उन अधिकारियों में शामिल रहे, जिन्होंने केवल कार्यालयी बैठकों और निर्देशों तक खुद को सीमित नहीं रखा। उन्होंने जिले के दूर-दराज़ क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों का लगातार निरीक्षण किया और शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को समझने का प्रयास किया। सरकारी विद्यालयों में छात्र नामांकन बढ़ाने के अभियान के दौरान उनकी सक्रियता विशेष रूप से चर्चा में रही। उन्होंने स्वयं गांवों में पहुंचकर अभिभावकों से संवाद किया, शिक्षा के महत्व को समझाया और बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही शिक्षकों को भी अभियान से जोड़कर विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए गए। उनके कार्यकाल में विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास, शिक्षण गुणवत्ता में सुधार और विभिन्न शासकीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर लगातार ध्यान दिया गया। मिशन प्रेरणा सहित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू कराने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित