अलवर , जुलाई 30 -- राजस्थान में अलवर शहर में बनर्जी का बाग स्थित प्राचीन जोहड़ पर कथित अतिक्रमण को लेकर गुरुवार को लोगों का गुस्सा सड़क पर उतर आया।
स्थानीय लोगों ने परशुराम चौराहे से जयपुर मार्ग तक करीब एक घंटे तक रास्ता अवरुद्ध करके प्रशासन और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रास्ता रुकने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पूर्व पार्षद धर्मेंद्र मीणा ने आरोप लगाया कि बनर्जी का बाग स्थित जोहड़ पर भूमाफियाओं ने कब्जा कर लिया है, जिससे प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गयी है। जोहड़ और उससे जुड़े नालों पर अतिक्रमण होने के कारण बरसात का पानी निकल नहीं पाता और पूरे क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बन जाती है। पानी भरने से सड़कें टूट चुकी हैं और हर बारिश में स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जल्द अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
उधर, सूचना मिलने पर नगर निगम के सहायक इंजीनियर दिनेश मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि अतिक्रमण को चिह्नित कर लिया गया है और शुक्रवार से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों ने रास्ता खोल दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित