दुबई/कोच्चि , अक्टूबर 25 -- केरल स्थित लोकप्रिय आभूषण कंपनी जोयालुकास ने दुनिया के सबसे भारी सोने के झुमकों की जोड़ी और सबसे बड़े झुमकों की जोड़ी बनाने के लिए दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किये हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 कैरेट सोने से हाथों से तैयार किए गये इन रिकॉर्डधारी झुमकों की जोड़ी का कुल वजन 16.514 किलोग्राम है। दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट स्थित 'ज्वेल ऑफ जॉय बाय जोयालुकास' में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री ने शनिवार को इन झुमकों का अनावरण किया।

'मयूर सहस्र' नाम दिए गये इन झुमकों का अर्थ 'एक हजार मोर' है। इनकी डिजाइन भारतीय परंपरा में सुंदरता और गरिमा के प्रतीक मोर से प्रेरित है। इनकी बारीक कारीगरी में मोर के पंखों की झलक दिखाई देती है। कंपनी के कुशल कारीगरों ने पारंपरिक घंटी के आकार के इन आभूषणों को तैयार करने में कई महीने लगाए।

अनावरण समारोह के दौरान गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के एक आधिकारिक निर्णायक ने जोयालुकास समूह के अध्यक्ष जॉय अलुक्कास और जोयालुकास ज्वेलरी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जॉन पॉल अलुक्कास को दोनों रिकॉर्ड के प्रमाणपत्र सौंपे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित