चंडीगढ़ , जुलाई 15 -- हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि पानीपत जिले के जोन्धन खुर्द गांव में 35 एकड़ से अधिक क्षेत्र में आधुनिक आवासीय टाउनशिप विकसित की जाएगी। सरकार ने इस परियोजना को मंजूरी दे दी है और इसके पूरा होने पर जोन्धन खुर्द एक आधुनिक मिनी सिटी के रूप में विकसित होगा।
जिला सचिवालय में अधिकारियों के साथ बुधवार को विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में मंत्री ने सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को आधुनिक बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित टाउनशिप में सुनियोजित सड़कें, आधुनिक जल निकासी व्यवस्था, पार्क, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छ वातावरण और अन्य आवश्यक शहरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही ग्राम पंचायत की मांग पर सामुदायिक केंद्र का निर्माण, गांव की फिरनी को पक्का करने तथा सामान्य चौपाल के जीर्णोद्धार के निर्देश भी दिये गये।
श्री पंवार ने कहा कि राज्य में 350 से अधिक इनडोर जिम स्थापित किये जा चुके हैं। सरकार गांवों में पुस्तकालय, महिला सांस्कृतिक केंद्र, आधुनिक व्यायामशालाएं और खेल सुविधाएं विकसित कर युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने अधिकारियों को मतलौडा और पानीपत के स्टेडियमों तथा व्यायामशालाओं का नियमित निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिये।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जिला प्रशासन सभी विकास योजनाओं को पारदर्शिता के साथ लागू कर रहा है और बैठक में दिये गये निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल परियोजनाएं शुरू करना नहीं, बल्कि उन्हें गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा कर ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर और आधुनिक बनाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित