जोधपुर , जनवरी 30 -- राजस्थान के जोधपुर में शनिवार से पांच दिवसीय राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (रिफ ) 2026 की शुरुआत होगी।
रिफ के आयोजक सोमेंद्र हर्ष ने संवाददाताओं को बताया कि 31 जनवरी से चार फरवरी तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में 78 फिल्मे प्रदर्शित की जाएंगी। इसमें देश-विदेश से फिल्मी हस्तियां, फिल्म निर्माता और बड़ी संख्या में फिल्म प्रेमी हिस्सा लेंगे। साथ ही यह फेस्टिवल राजस्थानी भाषा, लोक कला और समृद्ध संस्कृति को आगे बढ़ाने का भी एक सशक्त मंच बनेगा। उन्होंने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयीं हैं।
उन्होंने बताया कि इसमें भारत के अलावा अमेरिका, यूके, फ्रांस, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, इटली, सिंगापुर और वेनेजुएला जैसे देशों के फिल्म निर्माता की फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न देशों से आए फिल्ममेकर और एम्बेसी ऑफिशल्स भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, जोराराम कुमावत, राज्य मंत्री के के बिश्नोई, विधायक देवेंद्र जोशी और अतुल भंसाली को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव न केवल सिनेमा के विविध रंगों को दर्शाएगा बल्कि राजस्थानी लोक कला, संस्कृति और भाषा के वैश्विक प्रचार का भी सशक्त माध्यम बनेगा। इसके अतिरिक्त महोत्सव के तहत विभिन्न मास्टर क्लासेस का भी आयोजन होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित