जोधपुर , सितंबर 30 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जोधपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं को आगामी पंचायत चुनावों में 'ट्रिपल इंजन' सरकार बनाने का मंत्र दिया।
श्री शर्मा जोधपुर के मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में जोधपुर और फलोदी जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में 'डबल इंजन' सरकार प्रदेश के विकास को नयी गति दे रही है। जोधपुर के सात में से छह निकायों और फलोदी के दोनों निकायों में भाजपा ने जीत दर्ज की है। निकाय चुनावों का यह परिणाम सरकार के कार्यों पर जनता के अटूट विश्वास को प्रदर्शित करता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से नये संकल्प और जोश के साथ पंचायत चुनावों की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता के लिए राष्ट्र सेवा सर्वोपरि है। इसलिए कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-ढाणी और हर परिवार तक पहुंचाएं। उन्होंने बताया कि जोधपुर संभाग के समग्र विकास के लिए सरकार ने पौने तीन वर्षों में 61,671 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को गति दी है। इसी प्रकार जोधपुर जिले में करीब सात हजार करोड़ रुपये तथा फलोदी जिले में 2,023 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाये जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर और 'एक पेड़ मां के नाम' जैसी गतिविधियों में कार्यकर्ताओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता आगामी पंचायत चुनावों के लिए "मेरा बूथ, सबसे मजबूत" के मंत्र के साथ पूरी ताकत से जुटकर पंचायतों में भी 'ट्रिपल इंजन' की सरकार बनाने का नया इतिहास रचें।
उन्होंने अंत में कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक और 'विकसित राजस्थान' के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, सरकार के विकास कार्यों, नीतियों और सुशासन के दम पर आगामी पंचायत चुनावों में भी भाजपा को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित