जोधपुर , जनवरी 20 -- राजस्थान के जोधपुर जिले में जोधपुर-जैसलमेर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 125 पर मंगलवार को बस से ट्रेलर के टकरा जाने से चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, गुजरात से ये लोग जैसलमेर जिले के रामदेवरा में स्थित लोकदेवता बाबा रामदेव मंदिर के दर्शन करके लौट रहे थे कि उनकी बस से मूलानाडा रॉयल्टी नाके के पास सामने से आ रहा ट्रेलर एक मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में लेते हुए टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि श्रद्धालु बस में फंस गए।
हादसे में घायलों को जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल लाया गया लेकिन तब तक चार श्रद्धालुओं ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान गुजरात में साबरकांठा के रावल वीनू, तालूकांठा निवासी सुरेश, अरावली के मोडासा निवासी जयेश और वीनू के रुप में की गई हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि इस भीषण सड़क हादसे में गुजरात के चार श्रद्धालुओं के निधन की खबर बेहद दुखद और पीड़ादायक हैं।
श्री गहलोत ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को धैर्य तथा हिम्मत प्रदान करने की प्रार्थना की । उन्होंने हादसे के घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित