विजयवाड़ा , मार्च 19 -- तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के आंध्र प्रदेश के अध्यक्ष पल्ला श्रीनिवास राव ने सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एवं शिक्षा मंत्री नारा लोकेश की ओर से जारी 'जॉब कैलेंडर' को युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से उठाया गया एक ऐतिहासिक कदम बताया है।
श्री गुरुवार को तेलुगु नव वर्ष 'उगादी' के अवसर पर यहां मंगलागिरी स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 10,060 पदों से शुरू होने वाली यह भर्ती प्रक्रिया, ग्रुप-I, ग्रुप-II, पुलिस सेवा, उच्च शिक्षा, स्कूली शिक्षा और सहायक कार्यकारी अभियंता (एईई) पदों सहित कई प्रमुख क्षेत्रों को कवर करती है।
उन्होंने बताया कि जॉब कैलेंडर जारी होने से पहले भी श्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली सरकार ने कुल 6,28,347 लोगों को रोज़गार उपलब्ध कराया था। उन्होंने बताया कि इसमें 30,607 सरकारी नौकरियां, सुक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र में 2,48,906 पद, जॉब मेलों और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से 1,46,627 नियुक्तियां, उद्योगों में 95,174 नौकरियां, खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में 64,035, आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स में 13,866, और पर्यटन क्षेत्र में 5,028 नौकरियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े समावेशी विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।
तेदेपा के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि शिक्षा क्षेत्र में सुधार (जिसमें शिक्षकों की भर्ती और फीस की वापसी शामिल है) एक 'सार्वभौमिक स्वास्थ्य नीति' के साथ-साथ लागू किए जा रहे हैं। इस नीति का उद्देश्य हर परिवार के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि डिजिटल शासन की पहलों के माध्यम से 900 से अधिक सेवाएं आम जनता की पहुँच में लाई गई हैं। निवेश के इस भारी प्रवाह का श्रेय श्री नायडू की दूरदृष्टि और श्री लोकेश की वैश्विक पहुँच को देते हुए उन्होंने कहा, "गूगल (विशाखापत्तनम में एआई हब), रिलायंस डाटा केंद्र , टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ (टीसीएस) और कॉग्निजेंट जैसी दुनिया की अग्रणी कंपनियाँ आंध्र प्रदेश में निवेश कर रही हैं।"उन्होंने कहा कि केवल 20 महीनों के भीतर 20 लाख करोड़ रुपये का निवेश और 25 लाख से अधिक रोज़गार के अवसरों का सृजन होना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि सिंचाई परियोजनाओं पर 23,793 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, और पोलावरम परियोजना जैसी प्रमुख पहलों को पूरा करने की दिशा में तेज़ी से काम चल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित