अलवर , सितम्बर 21 -- राजस्थान में खैरथल- तिजारा जिले के तिजारा नगर पालिका सभापति चुनाव को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच राजस्थान के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा ने कांग्रेस के आरोपों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस ने जैसा बोया है, वैसा ही काट रही है।

श्री शर्मा ने सोमवार को यहां पार्षदों को रोके जाने और मतदान से वंचित करने के कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को खारिज करते हुए शर्मा ने कांग्रेस को उसके पुराने राजनीतिक घटनाक्रमों की याद दिलाई।

तिजारा घटनाक्रम को लेकर सवाल पूछे जाने पर संजय शर्मा ने वर्ष 2019 के नगर परिषद चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि उस समय राज्य में कांग्रेस की सरकार थी और कांग्रेस नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बाड़ेबंदी वाले स्थान पर बड़ी संख्या में लोगों के साथ पहुंचकर उपद्रव किया था।

श्री शर्मा ने कहा, " वर्ष 2019 में जब कांग्रेस की सरकार थी और उनके नेता मंत्री थे, तब भाजपा की बाड़ेबंदी में 200 से 250 लोगों के साथ जाकर उपद्रव मचाया गया था।"उस समय भाजपा का समर्थन कर रहे पार्षदों को दबाव में लेने के लिए असामाजिक तत्वों और अपराधियों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जब सत्ता और राजनीतिक समीकरण उसके पक्ष में थे, तब जो तरीके अपनाए गए, अब वैसी परिस्थितियां सामने आने पर कांग्रेस को पीड़ा हो रही है। दूसरों पर आरोप लगाने से पहले कांग्रेस नेताओं को अपने अतीत की घटनाओं पर नजर डालनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित