जैसलमेर , जनवरी 31 -- राजस्थान में देश-दुनिया में मशहूर चार दिवसीय मरु महोत्सव के तहत शनिवार का दिन ऊंटों के साहसिक एवं रोमांचक करतब एवं सैलानियों के बीच रोमांचकारी प्रतियोगिताओं के नाम रहा।
महोत्सव की अधिकतर गतिविधियां डेडानसर मैदान में केन्द्रित रही। यहां ऊंटों से संबंधित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गयी। ऊंटों के रोमांच और साहस भरे करतबों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वायु सैनिकों द्वारा एरियर वॉरियर ड्रील की पराक्रम और कलात्मक शौर्य प्रदर्शन के साथ ही लोक कलाकारों द्वारा दी गयी मनोहारी प्रस्तुतियों ने सभी को अभिभूत किया।
मरु महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्थानीयों और देशी-विदेशी सैलानियों में जबर्दस्त उत्साह लहराता रहा। डेडानसर मैदान में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। विदेशी पर्यटकों ने सभी कार्यक्रमों को उत्सुकता से देखा एवं चिरस्थायी याद के लिए अपने कैमरों में कैद किया।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के निरीक्षक भौम सिंह के नेतृत्व में 'कैमल टेटू शो' का बेहतरीन एवं शानदार प्रस्तुति दी गयी। इसमें रेगिस्तान के जहाज द्वारा मंचासीन अतिथियों को सलामी दी गयी। सीमा सुरक्षा बल के सजे-धजे बांके जवानों ने ऊंटों पर विश्व के आठवें अजूबे माउण्टेन बैंड की राजस्थानी गीतों की मधुर स्वर लहरियों पर विभिन्न प्रकार के करतब प्रस्तुत किये, जिसको देखकर सभी दर्शक अचम्भित से रह गये।
भारतीय वायुसेना के जांबाजों द्वारा साहसिक एवं शस्त्र के साथ शारीरिक सन्तुलन को बनाये रखते हुए 'एयर वॉरियर ड्रील' की रोमांचक प्रस्तुति दी, जिसे देखकर सभी दर्शकों के रोंगटे खडे हो गये। ग्रुप कैप्टन सुमित प्रदान के निर्देशन में एयर वारियर टीम द्वारा अपने हाथों में साढ़े पांच किलोग्राम वजन की राइफल को खिलौने की तरह चलाकर सभी दर्शकों के रोंगटे खड़े करवा दिये।
महोत्सव के दौरान महिलाओं के मध्य पणिहारी मटका रेस का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाएं अपने सिर पर पानी से भरा मटका लेकर निर्धारित स्थल पर पहुंची। इस प्रतियोगिता में संजू राठौड प्रथम, गंगानगर की चरणजीत कौर द्वितीय एवं जैसलमेर की पुष्पा तृतीय स्थान पर रही।
इस दौरान ऊंट श्रृंगार प्रतियोगिता का भी बेहतरीन आयोजन हुआ, जिसमें रेगिस्तान के जहाज को पूर्ण रूप से सजाया गया। निर्णायकों द्वारा दिये गये निर्णय के अनुसार सीमा सुरक्षा बल के कंवरसिंह का श्रृंगारित ऊंट प्रथम विजेता रहा वहीं, रॉयल ड्रेजर्ट सफारी के चैनाराम का श्रृंगारित ऊंट द्वितीय विजेता रहा। महोत्सव में शान-ए-मरूधरा प्रतियोगिता भी रोचक रही एवं सभी दर्शकों ने उत्साह से देखा। इसमें रमेशाराम प्रथम, दीन सिंह द्वितीय एवं जोगाराम तृतीय स्थान पर रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित