हैदराबाद , मई 29 -- तेलंगाना के कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव ने कहा है कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों का अत्यधिक उपयोग मिट्टी की उर्वरकता को नुकसान पहुंचा रहा है और जनस्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है।
उन्होंने शुक्रवार को यहां हैदराबाद महानगरीय विकास प्राधिकरण (एचएमडीए) ग्राउंड्स में एचएमटीवी की ओर से आयोजित 'ऑर्गेनिक मेला' प्रदर्शनी में जैविक कृषि उत्पादों को प्रदर्शित करने वाले विभिन्न स्टालों का दौरा करने के बाद यह बात कही। इस दौरान उन्होंने किसानों से खेती के तरीकों, जैविक खेती की अहमियत और उनके सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में बातचीत की।
श्री राव ने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि कृषि में रसायनों के बढ़ते उपयोग के कारण खाद्य उत्पाद दूषित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिक उपज की चाह में उर्वरकों और कीटनाशकों का अंधाधुंध उपयोग मिट्टी के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा रहा है और आने वाली पीढ़ियों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहा है।
मंत्री ने कहा कि रसायनों के जरिये उगाये गये भोजन के सेवन से कई स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो रही हैं, जिनमें कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां भी शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि खान-पान की बदलती आदतें और रसायनों का प्रभाव ही कॉर्पोरेट अस्पतालों की तेजी से बढ़ती संख्या के पीछे के प्रमुख कारकों में से हैं।
उन्होंने जैविक खेती पर जोर देते हुए कहा कि इससे मिट्टी के स्वास्थ्य और जनस्वास्थ्य दोनों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने जैविक उत्पादों के व्यापक प्रचार-प्रसार का आह्वान किया और उपभोक्ताओं से सीधे जैविक खेती करने वाले किसानों से उत्पाद खरीदने का आग्रह किया, ताकि अधिक से अधिक किसानों को पर्यावरण-अनुकूल खेती की ओर बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित