नयी दिल्ली/ग्रेटर नोएडा , अगस्त 06 -- कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा), उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी 'बायोफैक इंडिया 2026' का आयोजन कर रही है जिसमें जैविक, प्राकृतिक और टिकाऊ खाद्य के क्षेत्रों से जुड़े हितधारकों को व्यापार, ज्ञान के आदान-प्रदान और नेटवर्किंग के लिए एक साझा मंच की सहूलियत दी जा रही है।
छह से आठ अगस्त तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में 200 से अधिक कंपनियां भाग ले रही हैं, जिनमें से 60 से अधिक प्रदर्शक 'एपीडा पैवेलियन' के तहत शामिल हैं। इनमें निर्यातक, महिला उद्यमी, किसान उत्पादक संगठन, स्टार्टअप्स और जैविक उद्यम शामिल हैं।
इसमें अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और देश के अन्य हिस्सों से लाए गए प्रमाणित जैविक उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। इनमें अनाज, दालें, मोटा अनाज, मसाले, चाय, कॉफी, ताजे फल-सब्जियां, जड़ी-बूटियां, तिलहन, शहद और जैविक न्यूट्रास्यूटिकल्स शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित