अलवर , जुलाई 19 -- राजस्थान में अलवर में समाधिस्थ दिगम्बर जैनाचार्य, संत शिरोमणी विद्यासागर महाराज के सुशिष्य मुनि सौम्य सागर महाराज ससंघ का रविवार को अलवर शहर में अभूतपूर्व मंगल प्रवेश हुआ।
मंगल प्रवेश में जैन धर्मावलम्बियों का सैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम में अलवर के सांसद और केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव, अलवर शहर विधायक और राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा भी मुख्य रूप से जैन भवन आये और जैन मुनियों को श्री फल भेंट करके उनका आशीर्वाद ग्रहण किया।
जैन पत्रकार महासंघ अलवर के जिला संयोजक हरीश जैन ने बताया कि मुनि संघ का मंगल प्रवेश अभूतपूर्व जुलूस के साथ शहर के कर्मचारी कॉलोनी के पास से सुबह शुरू हुआ जो बैण्ड बाजे के साथ स्थानीय स्कीम नं.10 स्थित जैन भवन पहुंचा। जुलूस मेें खास बात यह रही कि जहां बैण्ड वादक बैण्ड के माध्यम से धार्मिक भजनों की स्वर लहरियां बिखेर रहे थे वहीं जैन युवा फैडरेशन द्वारा जैन भजनों की प्रस्तुति दी जा रही थी और जैन धर्मावलम्बी इन भजनों की तर्ज पर नृत्य करते हुए चल रहे थे। जगह-जगह मुनि सौम्य सागर महाराज का श्रद्धालुओं ने पाद प्रक्षालन किया।
इस बीच अलवर के जैन कार्यक्रम में आचार्य विद्यासागर सर्वोदय ज्ञान पाठशाला की अध्यापिकाओं एवं बच्चों की बैण्ड ने संभवत: पहली बार पूरे मार्ग में बैण्ड वादन किया वहीं आदिनाथ पब्लिक स्कूल के बच्चों की बैण्ड का बैण्ड वादन देखने को मिला। ये दोनों बैण्ड पूरे कार्यक्रम में विशेष आकर्षण का केन्द्र रही। ये जुलूस जब जैन भवन पहुंचा तो वहां जैन धर्मावलम्बियों का सैलाब ज्यादा बढ़ गया। जैन भवन के मुख्य द्वार पर कलश लेकर खड़ी महिलाओं ने जैन मुनियों की अगवानी की तत्पश्चात पाद प्रक्षालन किया गया। दोनों मुनियों ने जैन मंदिर में दर्शन किये। तत्पश्चात मंगलाचरण के साथ कार्यक्रम की शुरूआत हुई जिसमें अलवर शहर के पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल भी शामिल हुए। उन्होंने भी मुनियों को श्रीफल भेंट करके आशीर्वाद ग्रहण किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित