भोपाल/दतिया , अप्रैल 29 -- मध्यप्रदेश के दतिया जिले में पुलिस ने सोनागिर स्थित प्रसिद्ध जैन मंदिर से हुई हाई प्रोफाइल मूर्ति चोरी का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब 25 लाख रुपये मूल्य की चांदी की मूर्ति, चांदी का सिंहासन, यंत्र एवं अन्य सामग्री जब्त कर 20-20 हजार रुपये के इनामी अंतरराज्यीय शातिर मूर्ति चोर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 4-5 अप्रैल की दरम्यानी रात सोनागिर पहाड़ी स्थित जैन मंदिर से भगवान की चांदी की मूर्ति एवं अन्य कीमती सामग्री चोरी हो गई थी। यह मंदिर जैन समाज का प्रमुख आस्था केंद्र होने के कारण मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए प्रकरण की लगातार मॉनिटरिंग की।
मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई, जिसमें थाना स्तर, तकनीकी शाखा एवं साइबर सेल के अधिकारियों और कर्मचारियों को शामिल किया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और सतत निगरानी के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गई संपूर्ण सामग्री जब्त कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों में एक अंतरराज्यीय शातिर मूर्ति चोर शामिल है, जो देशभर में करीब 100 से अधिक मूर्ति चोरी की वारदातों में संलिप्त बताया जा रहा है। इसके अलावा दो स्थानीय सहयोगियों को भी पुलिस ने पकड़ा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 20-20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी। पूछताछ में उनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित