झुंझुनू , जनवरी 31 -- राजस्थान में झुंझुनू जिले के प्रभारी सचिव नवीन जैन शनिवार को जिले के दौरे पर रहे।
श्री जैन ने झुंझुनू शहर के रीको एरिया स्थित विद्यालय में 'स्पर्श: सुरक्षित बचपन के लिए एक अभिनव पहल कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों को गुड टच-बैड टच के बारे में जागरूक किया।
इस अवसर पर श्री जैन ने कहा कि बच्चों के बचपन को सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार नवाचार किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बीते छह वर्षों से 'स्पर्श' कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत विद्यालयों में जाकर बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और आत्म-संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाता है।
श्री जैन ने कहा कि झुंझुनू शिक्षा की एक बड़ी नगरी है और यहां अधिक से अधिक विद्यालयों में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किये जाने चाहिए। बच्चों को गुड टच-बैड टच की बुनियादी जानकारी देने के साथ यह भी समझाना जरूरी है कि सोशल मीडिया पर किस तरह की गलत गतिविधियां हो सकती हैं और आसपास के लोग किस प्रकार उनके विश्वास का दुरुपयोग कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों को सतर्क और जागरूक बनाना अत्यंत आवश्यक है। बच्चों को सही समय पर सतर्क कर दिया जाये, तो दुर्व्यवहार, यौन शोषण और दुष्कर्म जैसी घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगायी जा सकती है। श्री जैन ने बताया कि फिलहाल निजी विद्यालयों में बच्चों को गुड टच-बैड टच के संबंधमें जानकारी दी जा रही है और आने वाले समय में शिक्षकों को भी प्रशिक्षित करने की योजना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित