अजमेर , अक्टूबर 29 -- राजस्थान में अजमेर में सर्वधर्म मैत्री संघ ने दिगम्बर जैन समुदाय के संत जैनाचार्य 108 विद्यासागर महाराज को देश के सर्वोच्च सम्मान 'भारत रत्न' से सम्मानित करने की मांग की है।

अजमेर में सर्वधर्म मैत्री संघ के अध्यक्ष प्रकाश जैन की अगुवाई में विभिन्न धर्मों एवं समाज के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से गुरुवार को जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम का ज्ञापन देकर आचार्यश्री काे मरणोपरांत भारत रत्न सम्मान से नवाजने की मांग की।

संघ की ओर से दिये गये ज्ञापन के बाद स्वामी शिवज्योतिषानंद ने कहा कि आचार्य विद्यासागर की दीक्षा अजमेर में हुई है और राष्ट्र एवं समाज निर्माण में उनका उल्लेखनीय योगदान है, इसे देखते हुए, यह सम्मान न्यायोचित है।

सिख समुदाय के कश्मीर सिंह ने भी आचार्य श्री को भारत रत्न देने की वकालत करते हुए कहा कि विद्यासागर महाराज को सम्मान मिलने से उनका मान तो बढ़ेगा ही, साथ ही भारतरत्न जैसे सम्मान का भी सम्मान बढ़ेगा।

उन्होंने केंद्र सरकार से यह भी मांग की कि राष्ट्र नवनिर्माण और समाज सुधारकों को यह सम्मान प्राथमिकता से दिया जाना चाहिए। यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। शिष्टमंडल में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि आचार्य विद्यासागर महाराज ने अजमेर के महावीर सर्किल के समीप पार्श्वनाथ कालोनी मैदान पर ही दीक्षा ली थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित