छपरा , सितंबर 26 -- बिहार के सारण जिले में चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए जैक की मदद से आभूषण दुकान का शटर उखाड़ दिया और करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान चोरी कर चंपत हो गए।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि एकमा थाना क्षेत्र में एकमा-मांझी मुख्य पथ पर हंसराजपुर स्थित मानसी ज्वेलर्स को चोरों ने शुक्रवार की रात निशाना बनाया। सुबह दुकान के मालिक जब वहां पहुंचे तो दुकान का शटर उखड़ा हुआ मिला। अंदर जाने पर शो-केस में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले।
दुकान के मालिक ने एकमा थाना पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी को खोलने का भी प्रयास किया, लेकिन तिजोरी नहीं खुलने पर उसे उखाड़कर दुकान के बाहर फेंक दिया। उन्होंने करीब दो लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी होने की जानकारी दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित