चंडीगढ़ , अप्रैल 07 -- हरियाणा में जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के टेक्नोलॉजी बिजनेस इनक्यूबेटर से जुड़े स्टार्टअप मेटासागा प्राइवेट लिमिटेड ने डीआरडीओ के 'डेयर टू ड्रीम 5.0' इनोवेशन कांटेस्ट में स्टार्टअप एवं एमएसई श्रेणी में दूसरा पुरस्कार हासिल किया है।
यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह प्रतियोगिता रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की प्रौद्योगिकी विकास कोष (टीडीएफ) योजना के तहत आयोजित की गयी, जिसमें रक्षा और सामरिक क्षेत्रों से जुड़े नवाचारों को प्रोत्साहित किया जाता है। देशभर के कई स्टार्टअप्स में से मेटासागा का चयन होना बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
विश्वविद्यालय के आईपीआर, इनोवेशन एवं इनक्यूबेशन/स्टार्टअप डिवीजन के प्रभारी प्रो. संजीव गोयल नेबताया कि यह सफलता संस्थान के मजबूत नवाचार और उद्यमिता माहौल को दर्शाती है। टेक्नोलॉजी बिजनेस इनक्यूबेटर स्टार्टअप्स को मेंटरशिप, बुनियादी ढांचा और फंडिंग सहायता प्रदान कर उन्हें आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने मेटासागा टीम को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां विश्वविद्यालय के इनोवेशन इकोसिस्टम को मजबूत करती हैं और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य में योगदान देती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित